बलरामपुर के कंचनपुर गांव में बिंदुलाल के घर पसरा सन्नाटा।-संवाद
घटना के बाद से गांव में पसरा सन्नाटा, किसी ने नहीं दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। नेपाल सीमा से सटे पचपेड़वा थाने के कंचनपुर गांव में दो लोगों में हुए विवाद के बाद घायल व्यक्ति की शुक्रवार की शाम को जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इससे घबराए दूसरे व्यक्ति ने शनिवार की सुबह आम के पेड़ से लटककर जान दे दी। घटना के बाद गांव में सन्नाटा है। कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।
ग्राम पंचायत बड़का भूकुरूवा का मजरा कंचनपुर निवासी श्याम कुमार (38) व बिंदु लाल (39) के बीच शुक्रवार को करीब 11 बजे किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया। मामूली विवाद में मारपीट हो गई। इसमें श्याम कुमार के सिर व कमर पर चोट आई। इससे वह बेहोश हो गया। उसे पचपेड़वा सीएचसी ले जाया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि श्याम कुमार को बेहोशी की हालत में लाया गया था। उसके सिर व कमर पर चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया था। जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस पर पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मामले में आरोपी बनने के डर से घबराकर बिंदु लाल ने शनिवार की सुबह घर के बगल आम के पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था लेकिन, श्याम कुमार की मौत बीमारी के कारण हुई थी। शनिवार को मारपीट करने वाले दूसरे युवक ने आत्महत्या कर ली है। अभी दोनों परिवार की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। सीओ तुलसीपुर राकेश सिंह का कहना है कि पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। जांच कराई जा रही है। फील्ड यूनिट की टीम ने भी पहुंचकर नमूना लिया है।
सभी बिंदुओं की जांच की जा रही
कंचनपुर गांव में दो मौतों के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है। न तो मृतक के परिजन कुछ बोल रहे हैं और न ही ग्रामीण। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया विवाद नशे में हाेने के कारण होना बताया जा रहा है। सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। एएसपी योगेश कुमार का कहना है कि सीओ से इस मामले में जानकारी ली जा रही है।