सीएमओ कार्यालय से रवाना किया गया प्रचार वाहन, लोगों को खिलाई गई फाइलेरियारोधी दवा
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। फाइलेरिया मुक्ति अभियान शनिवार से शुरू हुआ। इसमें 23 लाख लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाने का लक्ष्य है। इसके लिए टीमों को रवाना किया गया।
अभियान का शुभारंभ विधायक बलरामपुर पल्टूराम ने फीता काट कर किया। इसके बाद प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को फाइलेरिया मुक्ति अभियान के संबंध में शपथ दिलाई। सीएमओ ने विधायक को फाइलेरियारोधी दवा खिलाई।
सीएमओ डॉ मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि जिले में लगभग 23 लाख लोगो को डीईसी दवा खिलाने का लक्ष्य है। इस अभियान में लगाई गई टीम द्वारा घर घर जाकर अपने सामने सभी लक्षित जनसंख्या को दवा खिलाया जाएगा। एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, डॉ अनिल कुमार चौधरी, डॉ मीनाक्षी चौधरी, अरविंद मिश्रा, डीएमओ राजेश पाण्डेय आदि मौजूद रहे।
दवा खिलाकर दी गई जानकारी
गैसड़ी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर फाइलेरिया बीमारी की रोकथाम के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। डॉ. अरविंद कुमार ने कहा कि फाइलेरिया बीमारी से बचने के लिए डोज के अनुसार दवा लेना बेहद जरूरी है तथा पैरों में सूजन सूखी खांसी आदि लक्षण होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। बाद में कर्मियों को दवा खिलाई गई। इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र, नित्यानंद सहित अन्य मौजूद थे। नगर पालिका सभागार में एसीएमओ डॉ.मीनाक्षी चौधरी, अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह,ईओ लालचन्द्र मौर्य ने शुभारम्भ किया।