बलरामपुर। लगातार हो रही बारिश का असर शनिवार को तीनों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में भी दिखाई पड़ा। तीनों तहसीलों में मात्र 70 फरियादी ही पहुंचे। डीएम ने निर्देश दिया कि भूमि विवाद, अतिक्रमण, नाली व चकरोड आदि राजस्व मामलों को पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम मौके पर जाकर विवाद का निस्तारण करें। लेखपाल व राजस्व निरीक्षक सरकारी जमीनों पर किसी भी प्रकार से अतिक्रमण न होने दें। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों को ही मिलना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
उतरौला तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष शिकायतों का निस्तारण स्वयं करें। अधिकारी अपने कार्यालयों को साफ-सुथरा एवं सुसज्जित रखें तथा अपने-अपने विभागों की योजनाओं का वाल पेंटिंग के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराएं, जिससे शासन की सभी योजनाओं की जानकारी आम जनमानस को हो सके। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस पोर्टल पर किसी भी प्रकार की शिकायत लंबित न रहे। शासन एवं जिला स्तर पर निरंतर इसकी निगरानी की जा रही है।
एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने सभी थाना व कोतवाली प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों का निस्तारण समय से करें, इसमें लापरवाही न बरती जाए। उतरौला तहसील में कुल 34 प्रार्थनापत्र आए, इनमें से 10 का मौके पर निस्तारण करा दिया गया। शेष शिकायतों का तीन दिन के भीतर संबंधित विभागों के अधिकारी स्थलीय सत्यापन करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करेंगे।
इस अवसर पर एसडीएम संतोष कुमार ओझा, सीओ उदयराज सिंह, तहसीलदार रामआश्रय, नायब तहसीलदार स्वाति सिंह, सीएमओ डॉ. सुशील कुमार, पीडी चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, डीआईओएस गोविंदराम, बीएसए कल्पना देवी, जिला कार्यक्रम अधिकारी निहारिका विश्वकर्मा, उप निदेशक कृषि डॉ. प्रभाकर सिंह आदि मौजूद रहे।
सदर तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान की अध्यक्षता एसडीएम राजेंद्र बहादुर ने की। यहां 22 शिकायती प्रार्थनापत्र आए, इनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। इस अवसर पर तहसीलदार अरुण कुमार, सीओ सिटी दरवेश कुमार, सीओ राधारमण सिंह आदि मौजूद रहे। तुलसीपुर तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम मंगलेश दुबे एवं एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने की। इस दौरान 14 प्रार्थनापत्र आए, इनमें से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान तहसीलदार प्रमेश कुमार व सीओ कुंवर प्रभात सिंह आदि मौजूद रहे।