बलरामपुर। ब्लॉक प्रमुख पद का चुनाव निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों ने गुरुवार को अलग-अलग ब्लॉकों का निरीक्षण कर नामांकन प्रक्रिया का जायजा लिया। नामांकन प्रक्रिया व सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
गुरुवार को डीएम श्रुति एवं पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने विकास खंड गैसड़ी एवं हरैया सतघरवा ब्लॉक का निरीक्षण किया। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए सहायक निर्वाचन अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। ब्लॉकों में तैनात सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिया कि नामांकन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें।
किसी भी तरह की अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। एसडीएम तुलसीपुर विनोद कुुमार सिंह एवं एसडीएम बलरामपुर अरुण कुमार गौड़ भी मौजूद रहे। इसी तरह एडीएम अरुण कुमार शुक्ला एवं एएसपी अरविंद मिश्रा ने गैसड़ी व पचपेड़वा विकास खंड का निरीक्षण कर नामांकन प्रक्रिया का जायजा लिया। संवाद