बलरामपुर। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय पर कार्यक्रमों की धूम रही। कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 50 बेरोजगारों का ऑफर लेटर बांटा गया। निजी कंपनियों में नौकरी का ऑफर लेटर पाकर बेरोजगारों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के पांच अभ्यर्थियों को सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने पर 5100 रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।
सदर विधायक पल्टूराम व तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बेरोजगारों को नौकरी हासिल करने का बेहतर साधन है। प्रशिक्षण प्राप्त कर निजी कंपनियों में नौकरी लेकर बेरोजगारर अपने जीवन को सुंदर बनाएं।
दोनों विधायक ने पांच अभ्यर्थियों को 5100 रुपये का चेक देते हुए खुशी व्यक्त की और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पचपेड़वा की जमकर सराहना की। इस दौरान 50 छात्रों को ट्रेनिंग पूरा करने के बाद ऑफर लेटर दिया गया। साक्षी श्रीवास्तव, गीता व अब्दुल अजीज को जिले का ब्रांड अंबेस्डर बनाया गया। कार्यक्रम के बाद दोनों विधायक ने विकास भवन परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।