बलरामपुर। पूर्व सांसद रिजवान जहीर के खिलाफ पुलिस ने एनएसए की कार्रवाई कर दी है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान के दौरान तुलसीपुर थाना क्षेत्र के बेलीकला गांव में रिजवान जहीर व कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थकों के बीच हिंसा हुई थी। हिंसा के दौरान कांग्रेस पार्टी के दो वाहनों को जला दिया गया था और दो वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे।
एसपी हेमंत कुटियाल ने शनिवार को बताया कि 26 अप्रैल को पंचायत चुनाव में मतदान के दिन तुलसीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बेलीकला में रिजवान जहीर व यूथ कांग्रेस मध्य जोन के पूर्व अध्यक्ष दीपांकर सिंह के बीच हिंसा हुई थी।
घटना में दीपांकर सिंह के दो वाहनों को जला दिया गया था और दो वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। तुलसीपुर थाने में अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त रिजवान जहीर समेत कुल 11 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
इस मामले में 27 अप्रैल को पुलिस ने रिजवान जहीर व अन्य को गिरफ्तार किया था। रिजवान जहीर के खिलाफ लोक प्रशांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। बताया कि रिजवान जहीर के खिलाफ कुल 14 अभियोग पंजीकृत हैं।