बलरामपुर। फिरोज पप्पू हत्याकांड की सुनवाई अब 31 जनवरी को होगी। वकीलों के न्यायिक कार्य का बहिष्कार के चलते मंगलवार को सुनवाई नहीं हो सकी। एमपी-एमएलए कोर्ट में अपर सत्र न्यायाधीश प्रदीप कुमार तृतीय बहुचर्चित फिरोज पप्पू हत्याकांड की सुनवाई कर रहे हैं। इस मुकदमे में पूर्व सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा व दामाद रमीज सहित पांच पर फैसला होना है।
तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन फिरोज अहमद उर्फ पप्पू की जरवा मार्ग पर चार जनवरी 2022 की रात करीब 10.20 बजे हत्या हो गई थी। इसमें पुलिस ने पूर्व सपा सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज नेमत समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। विवेचना के बाद पुलिस ने एमपी-एमएलए कोर्ट पर आरोप पत्र प्रस्तुत किया, तबसे एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई हो रही है। पूर्व सांसद रिजवान जहीर, उनकी बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज नेमत फिलहाल जमानत पर हैं।