बलरामपुर। यू-विन पोर्टल के संचालन के लिए मंगलवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्वास्थ्यकर्मियों को यू-विन पोर्टल के संचालन तथा बच्चों व गर्भवती के टीकाकरण व पंजीकरण के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। बताया गया कि इसके माध्यम से अब टीकाकरण के लिए ऑनलाइन बुकिंग हो सकेगी।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग होने पर लोगों को वैक्सीन लगवाने में किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा था। लोगों को आसानी से वैक्सीन लग गई थी। अब इसी तर्ज पर स्वास्थ्य विभाग ने यू-विन पोर्टल शुरु किया है। यू-विन पोर्टल पर गर्भवती महिला एवं छह वर्ष तक की आयु वाले बच्चों को टीका लगवाने के लिए टीकाकरण केंद्र की जानकारी तथा ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा मिलेगी। लोग आसानी से टीका लगवाने के लिए बुकिंग करा सकेंगे। टीका लगवाने का डिजिटल प्रमाण पत्र भी यू-विन पोर्टल से प्राप्त किया जा सकेगा। यू-विन पोर्टल पर पंजीकरण के बाद बच्चों व गर्भवती को देशभर में कहीं भी टीका लगवाने की सुविधा भी मिलेगी।