बलरामपुर। अब सिर्फ तीन दिन ही गेहूं की खरीद की जाएगी। जिले के सभी क्रय एजेंसियों के संचालकों को गेहूं खरीद में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। जिले में 10 जून तक 6839 किसानों से 34 हजार एमटी गेहूं की खरीद की जा चुकी है।
डीएम श्रुति ने खरीदे गए गेहूं का समय से क्रय एजेंसियों के प्रबंधकों को सभी किसानों के बकाया गेहूं मूल्य का भुगतान करने का निर्देश दिया है। डिप्टी आरएमओ नरेंद्र कुमार तिवारी क्रय केंद्रों के औचक निरीक्षण कर गेहूं खरीद का जायजा लेने में जुट हुए हैं।
डिप्टी आरएमओ ने बीते दिन बताया कि उन्होंने मंडी समिति भगवतीगंज सहित जिले के कई गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गेहूं खरीद के साथ किसानों के बकाया भुगतान के संबंध में प्रबंधकों से जानकारी ली और निर्धारित समय के अंदर भुगतान करने का निर्देश दिया।
बारिश होने से जिले के किसी भी क्रय केंद्र पर गेहूं नहीं भीगा है। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। शासन स्तर से 15 जून तक गेहूं खरीद का समय निर्धारित किया है। रबी क्रय वर्ष 2020-21 में 10 जून तक जिले के 6839 किसानों से चार क्रय एजेंसियों के 53 केंद्रों पर 33778.92 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है।
जिले में किसानों से क्रय एजेंसियों ने 6671.34 लाख रुपये का गेहूं खरीदा है जिसकी तुलना में 6189 किसानों को 5778.37 लाख रुपये का भुगतान कर किया जा चुका है।
बाकी बचे 650 किसानों को शीघ्र ही निर्धारित समय के अंदर 892.97 लाख रुपये का भुगतान करने का निर्देश सभी क्रय एजेंसियों के प्रबंधकों को दिया गया है। गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष 15966.05 मीट्रिक टन अधिक गेेहं की खरीद की गई है। गत वर्ष इतने समय में 17812.87 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था।