बलरामपुर। लखनऊ में हाल ही में हुई अग्निकांड की घटना के बाद जिले में भी अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। जिले में बिना अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के संचालित हो रही कोचिंग संस्थाओं और लाइब्रेरी पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने ऐसे 25 संस्थानों को नोटिस जारी कर आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन करने के निर्देश दिए हैं।
अग्निशमन विभाग की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कई कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी बिना अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के संचालित हो रहे हैं। इनमें से अधिकांश संस्थानों ने विभाग से एनओसी भी प्राप्त नहीं की है। इसे देखते हुए विभाग ने संस्थानों से अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास, विद्युत सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विवरण मांगा है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि जिले में अभी तक किसी कोचिंग या लाइब्रेरी में आग लगने की कोई घटना सामने नहीं आई है, लेकिन संभावित जोखिम को देखते हुए एहतियातन जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) मृदुला आनंद ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि कोचिंग संस्थानों की जांच कराई जाएगी। सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य किसी घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि पहले से सुरक्षा व्यवस्था करना है। बताया कि 50 कोचिंग संस्थानों का पंजीकरण है, लेकिन लाइब्रेरी के पंजीकरण की कोई व्यवस्था नहीं है। इससे लोग अपने स्तर से संचालित कर रहे हैं।