बलरामपुर। श्रीदत्तगंज विकासखंड के जिगना उपकेंद्र से जुड़े 50 गांवों की बिजली 31 घंटे तक गुल रही। भीषण गर्मी में क्षेत्र के 50 हजार लोग बेहाल रहे। बिजली विभाग ने क्षमता वृद्धि का कार्य किए जाने के नाम पर 12 घंटे कटौती की सूचना दी थी।
महदेइया बाजार निवासी आमिर हसन सिद्दीकी व मोहम्मद इलियास ने बताया कि जिगना उपकेंद्र में क्षमता वृद्धि का कार्य होने के कारण सोमवार को गौर व मनियरिया दोनों फीडर की सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक बिजली कटौती की सूचना दी गई थी, लेकिन मंगलवार शाम करीब चार बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इससे रामपुर बगनहा, पटियाला ग्रिंट, गौर खास, गोदहना, त्रिलोकपुर, गुमड़ी, चहटवा, कालिंजर ग्रंट, श्रीदत्तगंज, खरदौरी व मझारी वाछिल सहित करीब 50 गांवों में बिजली ही आपूर्ति ठप रही। लोगों के इन्वर्टर भी दगा दे गए। नवरात्र में पूजा आयोजकों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। इस उपकेंद्र की क्षमता पांच एमबीए से बढ़ाकर 10 एमबीए कर दी गई है। सीएचसी श्रीदत्तगंज में कोल्डचेन भी बैठ गया, जिसके चलते वहां जनरेट चालू करना पड़ा। रंजीत गुप्त व डॉ. नफीस ने बताया कि बिजली न रहने से गर्मी से लोग बेहाल रहे। बिजली के सभी उपकरण बंद रहे। गर्मी से बचने के लिए हाथ के पंखे का सामना करना पड़ा।
छात्र शिवा व रितिक ने बताया कि बिजली न रहने से मोमबत्ती के सहारे पढ़ाई करनी पड़ी। श्रीदत्तगंज बाजार निवासी सीएम कौशल ने बताया कि बिजली न रहने से गर्मी में दुकान पर बैठना मुश्किल हो गया। सीएचसी संचालक राहुल गुप्त व अली कुरैसी ने बताया कि बिजली न रहने से ग्राहकों का कार्य नहीं हो सका, जिससे वह बैरंग लौट गए, जिससे केंद्र भी जल्द बंद करना पड़ा।
एसडीओ उतरौला ग्रामीण रमेश मौर्य ने बताया कि जिगना उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि करा दी गई है। अब क्षेत्र के लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति हो सकेगी।