फोटो-28-बलरामपुर के संयुक्त अस्पताल का निरीक्षण कर जानकारी लेते मेडिकल कॉलेज प्राचार्य ।-संवाद
बलरामपुर। अटल बिहारी वाजपेयी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के नोडल प्रधानाचार्य डॉ. तुहिन वशिष्ठ ने मंगलवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की ओपीडी, ब्लड बैंक, वार्ड, लैब और ओटी में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। अस्पताल में गार्ड की तैनाती न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
बीते दिनों बिजनौर से जिले में स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नोडल प्रधानाचार्य के पद पर तैनात हुए डॉ. तुहिन वशिष्ठ मंगलवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड, एक्सरे और सीटी स्कैन कक्ष का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद उन्होंने सीएमएस डॉ. राजकुमार के साथ बैठक कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। प्रधानाचार्य ने बताया कि मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए आवश्यक सुविधाएं पूरी कराकर जल्द ही संचालन शुरू कराया जाएगा, ताकि जिलेवासियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार की सुविधा मिल सके और उन्हें इलाज के लिए लखनऊ व बहराइच के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर डॉ. प्रभात त्रिपाठी, डॉ. सौरभ गुप्त और अजय कुमार आदि मौजूद रहे।