बलरामपुर। लोकसभा चुनाव से जुड़े कार्यों का जिम्मा नोडल अधिकारियों के कंधों पर रहेगा। इसके लिए चुनाव से जुड़े सभी कार्यों के लिए नोडल व सहायक नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम अरविंद सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि सभी नोडल व सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि समय रहते चुनावी जिम्मेदारी से जुड़े कार्यों की पूरी तैयारी सुनिश्चित कर ली जाए।
डीएम ने बताया कि लोकसभा चुनाव में सभी कार्यों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए 16 प्रकार के नोडल व सहायक नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके तहत मुख्य विकास अधिकारी संजीव कुमार मौर्य को मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण का नोडल बनाया गया है। इसी तरह से निर्वाचन व्यय, ईवीएम व्यवस्था, पोस्टल बैलेट, मतपत्र छपाई, डाक मतपत्र, जिला निर्वाचन प्रबंधन प्लान, यातयात, लेखन, कंट्रोल रूम, सांख्यिकीय सूचना, प्रेक्षक प्रबंधन, टेंट, नाश्ता, कम्युनिकेशन प्लान, बूथ कार्मिकों के प्रबंधन के लिए नोडल व सहायक अधिकारी तैनात किए गए हैं।
इसी तरह आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, मीडिया सर्टिंफिकेशन एंड मानीटरिंग कमेटी, साइबर सिक्योरिटी एंड इन्फार्मेशन टेक्नालॉजी एंड एसएमएस मानीटरिंग मैनेजमेंट, स्वीप मतदाता जागरूकता, वेब कास्टिंग व वीडियोग्राफी के नोडल व सहायक नोडल अधिकारियों को चुनाव से संबंधित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का जिम्मेदारी सौंपी गई है।