बलरामपुर। प्रधान की मनमानी परिवार के साथ ही पूरे गांव वालों पर भारी पड़ रही है। आपत्ति के बावजूद आबादी क्षेत्र में घर के बगल में खाली पड़ी जमीन पर कूड़ा घर का निर्माण कराया जा रहा है। सभी के हित में कूड़ा घर के निर्माण कार्य को बंद करवाया जाए। यह गुहार तुलसीपुर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचे त्रिलोकपुर गांव निवासी बृजभान यादव ने लगाई।
पीड़ित ने सुनवाई कर रहे अफसरों को बताया कि आबादी के बीच क्षेत्र में कूड़ा डंप होने से गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने का अंदेशा भी कई गुना बढ़ जाएगा। अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रमोद कुमार ने मौके पर मौजूद एसडीएम व तहसीलदार से स्थलीय परीक्षण के आधार पर पीड़ित की शिकायत को निस्तारित करने का निर्देश दिया। इसी तरह पुरानी बाजार निवासी कौशल किशोर ने प्रधान की मनमानी के कारण पीएम आवास से बची हुई किस्त राशि न मिलने की शिकायत की। सुनवाई के लिए 36 आवेदन प्राप्त हुए।
उतरौला तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम अवधेश कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक नम्रिता श्रीवास्तव ने फरियादियों की शिकायतों को सुनकर उन्हें समयबद्ध स्तर पर निस्तारित कराने का निर्देश दिया। यहां निस्तारण के लिए 32 प्रार्थना पत्र आए। जबकि सदर तहसील सभागार में एसडीएम राजेंद्र बहादुर ने पीड़ितों की शिकायतों को भी सुना।