बलरामपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते डीएम अरविंद सिंह व अन्य।
बलरामपुर। मतदान स्थलों का प्रस्ताव तैयार करने के लिए जिलाधिकारी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। प्रस्ताव तैयार करने व मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन के संबंध में चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि मतदान स्थल की कोई बिल्डिंग क्षतिग्रस्त हो अथवा किसी कारणवश परिवर्तन की आवश्यकता है तो उसे समय रहते कर लिया जाए। मतदान के समय मतदाता को मताधिकार का प्रयोग करने में किसी भी तरह की समस्या नहीं होनी चाहिए। भारत निर्वाचन आयोग के मैन्युअल के अनुसार ही मतदान केंद्र बनाया जाए।
मतदाताओं की सुविधा का ध्यान रखा जाए। कहा कि मतदान केंद्र दो किलोमीटर से अधिक दूरी पर नहीं होनी चाहिए। मतदान केंद्रों पर प्रकाश, शौचालय, रैंप, पानी व लाइट आदि मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। बैठक के बाद उन्होंने ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिया। बैठक में एडीएम प्रदीप कुमार, सभी एसडीएम तथा कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।