बलरामपुर के उतरौला विधान सभा क्षेत्र में स्थित जर्जर सड़क ।-संवाद
बलरामपुर। सदर और उतरौला विधानसभा क्षेत्र की नौ सड़कों की मरम्मत के लिए शासन की तरफ से 1.25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सड़कों की मरम्मत होने से क्षेत्र की करीब 65 ग्राम पंचायतों के 80 हजार लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
उतरौला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम उदयपुर संपर्क मार्ग की मरम्मत के लिए 20.42 लाख रुपये मिले हैं। इसी तरह मोहम्मदनगर ग्रंट सड़क की मरम्मत के लिए 18.70 लाख रुपये, रहमतपुर से तिनहवा घाट तक 13.50 लाख रुपये तथा लखनीपुर संपर्क मार्ग की मरम्मत के लिए 10.50 लाख रुपये शासन की तरफ से स्वीकृत किए गए हैं।
इसी तरह सदर विधानसभा क्षेत्र के खगईजोत कल्लू बनकट-सेमरहना संपर्क मार्ग पर 9.20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। खगईजोत से विराहिमपुर सड़क मरम्मत पर 9.70 लाख रुपये, टेंगनहिया मानकोट सड़क मरम्मत पर 11.20 लाख रुपये, गोसाईपुरवा संपर्क मार्ग पर 6.05 लाख रुपये तथा बड़की सिंगाही-छोटकी सिंगाही संपर्क मार्ग पर 19.80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस संबंध में उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा व सदर विधायक पल्टूराम ने बताया कि सड़कों की मरम्मत होने से विद्यार्थियों, मरीजों एवं किसानों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि अन्य जर्जर सड़कों के मरम्मत के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।