बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय में नए शैक्षिक सत्र के छात्र-छात्राओं को रैगिंग के प्रति जागरूक करने के लिए मंगलवार को एंटी-रैगिंग सेल की तरफ से संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एंटी-रैगिंग सेल ने कक्षाओं में संवाद कर जीरो-टॉलरेंस नीति और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी।
एंटी-रैगिंग सेल की संयोजक प्रो. वीणा सिंह ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए महाविद्यालय में लागू जीरो-टॉलरेंस नीति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन रैगिंग के किसी भी रूप को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। विद्यार्थियों से बिना किसी भय के अध्ययन करने और किसी भी समस्या की तत्काल जानकारी देने का आह्वान किया। एंटी-रैगिंग सेल के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार मौर्य, डॉ. प्रखर त्रिपाठी, डॉ. केके सिंह एवं राम आसरे गौतम ने भी छात्रों से संवाद किया। इन लोगों ने रैगिंग की कानूनी परिभाषा, इसके सामाजिक व मानसिक दुष्परिणाम तथा नियमों के उल्लंघन पर होने वाली दंडात्मक कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिकायत दर्ज कराने और सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई गई। सलाह दी गई कि परिसर या छात्रावास में किसी भी प्रकार की मानसिक, शारीरिक अथवा अन्य उत्पीड़न का सामना होने पर तुरंत एंटी-रैगिंग सेल के सदस्यों से संपर्क करें। साथ ही राष्ट्रीय एंटी-रैगिंग हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5522 की जानकारी भी साझा की गई। प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने विश्वास दिलाया कि सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।