बलरामपुर। आजादी के बाद उतरौला में रेलवे लाइन बिछाने की मंजूरी मिली है, फिर भी काम तेजी से नहीं हो रहा हैं। ऐसा क्यों है? जबकि यह प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है। यह सवाल शुक्रवार को आयोजित दिशा की बैठक में केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने किया तो अधिकारी मौन रह गए। डीएम ने स्थिति संभाली, कहा कि जल्द ही भूमि अधिग्रहण का कार्य हो जाएगा।
विदेश राज्यमंत्री ने कहा कि बड़ी परियोजनाओं में लापरवाही न होने पाए। उन्होंने राजा सुहेलदेव के नाम से बने सुहेलवा वन्यजीव अभ्यारण्य को टाइगर रिजर्व बनाने की प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया। कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस योजना पर चर्चा की है। इसकी भी प्रक्रिया पूरी कराएं। कहा कि आकांक्षी जनपद होने के बाद भी बलरामपुर आगे है, योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करके पिछड़े का दाग मिटाएं।
वह जल जीवन मिशन के कामकाज से खासे खफा दिखे, कहा कि गांवों की सड़कों को खोद डाला गया है, उन्हें शीघ्र ठीक कराएं। योजना पूरी करके हर घर जल पहुंचाने का कार्य पूरा करें। पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को भी आड़े हाथों लेते हुए बिजली व्यवस्था ठीक रखने का निर्देश दिया। जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर योजना बनाने का कहा।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की हिदायत दी। श्रावस्ती सांसद के प्रतिनिधि डॉ. सुनील चौधरी ने जल निगम के अधिशासी अभियंता पर झूठी रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया। उन्हाेंने नए ट्रांसफार्मर व विद्युत उपकेंद्र स्थापित कराने की मांग की। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की शिकायताें का निस्तारण करें। उन्होंने बाढ़ से सुरक्षा के उपाय समय रहते करने की हिदायत दी। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने जिले की कार्ययोजना के बारे में बताया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, विधायक पल्टूराम, कैलाशनाथ शुक्ल, राकेश यादव, केंद्रीय राज्यमंत्री के प्रतिनिधि कमलेश पांडेय आदि मौजूद रहे।
थारू महिलाओं की कलाकृतियों को सराहा
कलेक्ट्रेट परिसर में विकास योजनाओं के साथ ही जिले की थारू महिलाओं की कलाकृतियाें के स्टॉल का निरीक्षण विदेश राज्यमंत्री ने किया। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि थारू महिलाओं की ओर से तैयार सामग्री की बिक्री का प्रबंध कराएं। इसके लिए बाजार उपलब्ध कराएं। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं के मॉडल को सराहा।
विश्व पर्यावरण दिवस पर वृहद आयोजन का निर्देश
अभ्युदय कोचिंग की छात्राओं अंशू, प्रज्जवल, सौरभ, नवीन व आर्या ने केंद्रीय राज्यमंत्री से भेंट की। समन्वयक सचिन सिंह और बलरामपुर फर्स्ट के संयोजक सर्वेश सिंह ने विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजन की जानकारी दी। छात्राओं ने केंद्रीय राज्यमंत्री को आमंत्रित किया। केंद्रीय राज्यमंत्री ने डीएफओ को निर्देश दिया कि आयोजन को बेहतर ढंग से कराएं। छात्राओं को प्रेरित किया और कहा कि पर्यावरण संरक्षण पर पूरी तरह आपके साथ हैं।