बलरामपुर। रतनसेन महाविद्यालय बांसी में हुई अंतरमहाविद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में एमएलके महाविद्यालय बलरामपुर की टीम अव्वल रही। एमएलके पीजी कॉलेज के नरेंद्र कुमार शर्मा ने फाइन मुकाबला जीतकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। इस पर महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए नरेंद्र को बधाई दी है।
एमएलके पीजी कॉलेज के क्रीड़ाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि बीते दिन रतनसेन महाविद्यालय बांसी सिद्धार्थनगर में अंतरमहाविद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में एमएलके पीजी कॉलेज के छात्र नरेंद्र कुमार शर्मा ताराचन्द्र महाविद्यालय महराजगंज के छात्र हिम शिखर मौर्य को पराजित कर विजेता बने।
नरेंद्र की सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरके सिंह, वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. डीडी तिवारी, विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष डॉ. आरके पांडेय, डॉ. जितेन्द्र सिंह चौहान व खेल प्रशिक्षक डीपी सिंह सहित सभी शिक्षकों एवं छात्रों ने बधाई दी है।