तुलसीपुर। मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद छूटे हुए नाम जोड़ने के लिए बुधवार को स्थानीय विकासखंड के ग्राम पंचायत सेखुईनिया कलां के पंचायत भवन पर विशेष अभियान चला। इसमें 103 छूटे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए।
बीएलओ विष्णुदत्त पांडे ने बताया कि इन मतदाताओं ने अपने छूटे नाम के साक्ष्य स्वरूप आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए। साक्ष्य के मिलान के बाद इन मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएंगे। इस अवसर पर कोटेदार भारतेंदु मिश्रा सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन की पहल से लोगों को नाम जुड़वाने में सुविधा मिली और बड़ी संख्या में पात्र लोगों का पंजीकरण हो सका।
उप जिलाधिकारी राकेश कुमार जयंत के निर्देश पर बुधवार को तहसील क्षेत्र के सभी मतदान बूथों पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) द्वारा मतदाता सूची का गहन मिलान अभियान चलाया गया। इस दौरान मतदाताओं के नाम, पते व अन्य विवरणों की जांच की गई, ताकि मतदाता सूची त्रुटिरहित और अद्यतन रह सके तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।
17 नए मतदाताओं के नाम जोड़े
इसी क्रम में सिटी मोंटेसरी स्कूल स्थित बूथ पर बीएलओ बुद्धि सागर मिश्रा ने बताया कि यहां 17 नए मतदाताओं ने अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म भरा है। उन्होंने कहा कि युवाओं में मतदान को लेकर जागरूकता बढ़ी है और लोग स्वयं आगे आकर पंजीकरण करा रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह सही और भरोसेमंद हो, जिससे आगामी चुनाव निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराए जा सकें।