फोटो-23-बलरामपुर के तुलसीपुर में पूजा अर्चना कर कार्य का शुभारंभ कराते विधायक कैलाश नाथ शुक्ला
तुलसीपुर। नगर पंचायत को जल्द ही नया प्रशासनिक भवन मिलेगा। 1.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हाईटेक कार्यालय भवन का बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। क्षेत्रीय विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार नगरों में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास और लोगों को पारदर्शी एवं सुगम प्रशासन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नया प्रशासनिक भवन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अदनान फिरोज खान ने बताया कि नए भवन का निर्माण आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर कराया जाएगा। भवन में अध्यक्ष कक्ष, अधिशासी अधिकारी (ईओ) कक्ष, बड़ा मीटिंग हॉल तथा आम नागरिकों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो काउंटर बनाया जाएगा। इससे प्रमाण पत्र, कर जमा करने सहित अन्य नगर पंचायत संबंधी कार्य एक ही स्थान पर आसानी से हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सी एंड डीएस (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज) को सौंपी गई है। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी राकेश कुमार जयन्त ने भी निर्माण कार्य को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मोहम्मद लईक, शिवकुमार गुप्ता, शकील अहमद, विवेक कुमार गुप्ता, विजय प्रताप सोनी, अरशद खान, निजामुद्दीन सहित सभासद, नगर पंचायत के कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।