बलरामपुर। वसंत पंचमी पर गुरुवार को स्कूलों में हवन-पूजन की धूम रही। विद्यार्थियों ने विधि-विधान से मां सरस्वती का पूजन करके विद्या एवं बुद्धि का आशीर्वाद मांगा। वसंत पंचमी पर देवीपाटन में बच्चों का मुंडन कराने वालों की भीड़ रही। लोगों ने बच्चों का मुंडन कराने के बाद मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना की और महंत मिथलेश नाथ योगी का आशीर्वाद भी लिया।
मां सरस्वती को विद्या एवं ज्ञान की देवी के रूप में जाना जाता है। ऐसी मान्यता है कि वसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती की पूजा-अर्चना करने से विद्या एवं बुद्धि का विकास होता है। इसी मान्यता के अनुरूप बृहस्पतिवार को एमएलएके महाविद्यालय, एमपीपी इंटर कॉलेज, भगवती आदर्श विद्यालय, बाल भारती इंटर कॉलेज, सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जीसस एंड मैरी स्कूल, पायनियर पब्लिक स्कूल, ग्रेस पब्लिक स्कूल, शारदा पब्लिक स्कूल, डीएवी इंटर कॉलेज, बालिका इंटर कॉलेज, माॅडर्न इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर व एमडीके बालिका विद्यालय में हवन किया गया।
छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती की आराधना करके विद्या एवं ज्ञान का आशीर्वाद मांगा। पचपेड़वा स्थित गायत्री शक्तिपीठ में जप और हवन कर याचकों ने मानव कल्याण की कामना की। इस मौके पर कृष्ण कुमार पांडेय, लीलाधर चौरसिया, मीना श्रीवास्तव, सीमा अग्रवाल, कृष्णावती, मंजू जायसवाल, प्रदीप, रितिक, उमेश आदि मौजूद रहे।
पीर हनीफ की दरगाह पर लगा वसंत मेला
वसंत पंचमी पर मथुरा बाजार स्थित पीर हनीफ की दरगाह पर वसंत मेले का आयोजन किया गया। हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक पीर हनीफ की दरगाह पर मेले का उद्घाटन गद्दीनशीन बाबा मोहम्म्द शाहनवाज शाह ने किया। अकीदतमंदों ने मजार पर चादरपोशी कर पूरी दुनिया में अमन-चैन की दुआ मांगी। लोगों ने जहां मनपसंद सामानों की खरीदारी की, वहीं झूला, जादू व सर्कस आदि का आनंद भी उठाया। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीओ राधारमण सिंह व ललिया इंस्पेक्टर जयहरि मिश्र के साथ पुलिस टीम मुस्तैद रही।