बलरामपुर। सिसवा गांव के पास सीसी रोड बनते ही साइकिल सवार युवक उस पर चला गया। सड़क खराब होती देख ठेकेदार ने गुस्से में साइकिल सवार युवक को गहरे गड्ढे में ढकेल दिया। इससे घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी ठेकेदार को पुलिस तलाश कर रही है।
पचपेड़वा के ग्राम हरखड़ी निवासी सोहन भारती मंगलवार शाम अपने भाई गोले (45) के साथ सिसवा गांव के पास मुर्गा खरीदने गए थे। सिसवा गांव के बगल में मंगलवार को ही सीसी रोड बनाई गई थी। मजदूर रोड बनाकर गए ही थे कि बाजार से लौटते समय गोले साइकिल लेकर इसी रोड पर चलने लगा। तभी सिसवा गांव निवासी ठेकेदार नूर आलम ने देखा तो सड़क खराब होने की बात कहते हुए गोले की पिटाई शुरू कर दी।
आरोप है कि ठेकेदार ने धक्का देकर गोले को सड़क किनारे गहरे गड्ढे में ढकेल दिया। गंभीर रूप से घायल गोले को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई। गोले की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके परिवार में पत्नी निर्मला व छह बच्चे हैं। गोले मजदूरी करके परिवार का पेट पालता था।
प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीओ मामले की जांच कर रहे हैं। एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी ठेकेदार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।