बलरामपुर । चौहत्तरकला गांव में खसरे से बीमार एक बालिका की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। 11 अन्य बच्चे बीमार हैं। सूचना पर गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दवा का वितरण करने के साथ ही बीमार लोगों के सैंपल लिए हैं।
चौहत्तर कला गांव के इंद्रजीत ने बताया कि उनकी चार साल की बेटी गायत्री करीब एक सप्ताह से खांसी व बुखार से पीड़ित थी। उसके शरीर पर दाने निकले थे। बृहस्पतिवार को गायत्री की मौत हो गई। गांव के ही विजय की तीन वर्षीय बेटी संध्या व पांच वर्षीय साधना, प्रदीप कुमार गौतम का तीन वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ, उमेश का दो वर्षीय पुत्र आदर्श और पांच वर्षीय बेटी शिवानी भी गंभीर रूप से बीमार हैं। अतवारी का तीन वर्षीय पुत्र राजू तथा पाटेश्वरी की पांच वर्षीय पुत्री सलोनी बीमार है।
महारागंज तराई के ग्राम हरिहर नगर में चार वर्षीय शाहबाज, पांच वर्षीय आसिफ व सात वर्षीय मुन्ना समेत चार बच्चे बीमार हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह ने बताया कि सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया है। दवा का वितरण भी किया गया है। संभावित खसरे की जांच के लिए सभी बच्चों का खून का सैंपल लिया गया है।