बलरामपुर। टीबी व कैंसर मरीजों की पहचान करने के लिए जिले में सब नेशनल सर्टिफिकेट (एसएनसी) सर्वे चल रहा है। इसका स्थलीय सत्यापन करने के लिए रविवार को केंद्रीय टीम जिले में पहुंची। नेशनल टीबी टास्क फोर्स के चेयरमैन डॉ. अशोक भारद्वाज के साथ अधिकारियों ने श्रीदत्तगंज ब्लॉक के पटियाला ग्रिंट गांव में सर्वे की हकीकत परखी।
एसएनसी सर्वे की हकीकत परखने के लिए डॉ. भारद्वाज, डॉ. मनीष सिंह, आनंद तिवारी व भरत शेट्टी पूर्वाह्न 11 बजे जिला क्षय रोग चिकित्सालय पहुंचे। टीम सदस्यों ने जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सजीवन लाल से एसएनसी सर्वे में अब तक चिह्नित मरीज तथा घरों की संख्या आदि के बारे में जानकारी ली। साथ ही इससे जुड़े अभिलेख भी देखे।
इसके बाद टीम के सदस्य सर्वे का हाल जानने के लिए श्रीदत्तगंज के पटियाला ग्रिंट गांव पहुंचे। वहां अधिकारियों ने अभिलेख में दर्ज सर्वे वाले घरों के सदस्यों से बातचीत की। श्रीदत्तगंज में सर्वे की गति धीमी होने पर नाराजगी जताते हुए सर्वे टीम को प्रतिदिन कम से कम 50 घर व 300 व्यक्तियों तक पहुंचने का निर्देश दिया। सत्यापन के दौरान डॉ. सजीवन लाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अविनाश विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।