बलरामपुर। आंदोलनकारी वकीलों ने शनिवार को भी प्रदर्शन किया। संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे सीडीओ की गाड़ी रोककर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद जुलूस निकालकर 223 वकीलों ने मांगों के समर्थन में गिरफ्तारी दी। दो घंटे बाद कोतवाली से उन्हें रिहा कर दिया गया।
लेखपालों से विवाद को लेकर एफआईआर दर्ज होने से वकील आंदोलन कर रहे हैं। शनिवार को तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस के आयोजन के दौरान ही वकीलों ने नारेबाजी शुरू कर दी। फिर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र सिन्हा की अगुवाई में जुलूस निकाला। कोतवाली जाते समय वकीलों ने समाधान दिवस में जा रहे सीडीओ की गाड़ी रोककर भी नारेबाजी की।
इसके बाद कोतवाली पहुंचकर 223 वकीलों ने गिरफ्तारी दी। वहां से दो घंटे बाद अधिवक्ताओं को रिहा कर दिया गया। आंदोलन में ओपी सिंह, केसी गोपाल, अजीत सिंह, आलोक गुप्ता, दिनकर, अमित श्रीवास्तव, रमेश चतुर्वेदी, धर्मराज यादव, रघुवंश सिंह, मार्कंडेय मिश्र, राम राज यादव, प्रह्लाद यादव, राजमणि तिवारी, निजाम अंसारी आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।
उतरौला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र सिन्हा ने बताया कि वकीलों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, आरोपी लेखपालों के निलंबन और एसडीएम व तहसीलदार के तबादले की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा है। जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं तब तक आंदोलन जारी रहेेगा।