बलरामपुर। दस अगस्त से शुरू हो रहे फाइलेरियारोधी अभियान को लेकर नगर पालिका प्रशासन अब शहरवासियों को जागरूक करेगा। इसके लिए अभियान शुरू होने से पहले स्वच्छता अभियान में उपयोग होने वाली गाड़ियों में ऑडियो संदेश बजाया जाएगा। साथ ही पालिका की टीम लोगों को बीमारी के कारणों के बारे में जानकारी देकर बचाव संबंधी प्रबंधों पर फोकस करेगी।
शनिवार को नगर पालिका परिषद के सभागार में अभियान को लेकर हुई बैठक में पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह ने यह निर्णय लिया। साथ ही सभासदों से भी लोगों को जागरूक करने की मुहिम में जुटने की अपील की।
एसीएमओ डॉ. मीनाक्षी चौधरी ने बताया कि फाइलेरिया रोधी अभियान 10 अगस्त से शुरू हो रहा है। इसमें उम्र के आधार पर दवा खिलाई जाएगी। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खलवा के फार्मासिस्ट समीर अहमद सिद्दीकी ने फाइलेरिया के बारे में बताया। बैठक में अतुल तिवारी व इंद्रेश कुमार वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।