बलरामपुर के उतरौला में घटना की छानबीन करती पुलिस ।
उतरौला। क्षेत्र के भैरमपुर गांव के पास सोमवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
भैरमपुर गांव निवासी अरविंद यादव का पुत्र अक्षय यादव बाइक से उतरौला की ओर जा रहा था। उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर भैरमपुर के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अक्षय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट नहीं पहने होने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी उतरौला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। अक्षय की अभी शादी नहीं हुई थी। उसकी मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।