बलरामपुर के एमएलके पीजी कॉलेज से परीक्षा देकर निकलते अभ्यर्थी।-संवाद
सिपाही भर्ती परीक्षा : 3007 नहीं हुए शामिल, रैन बसेरा में की गई परीक्षार्थियों के रहने की व्यवस्थासंवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। जिले में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पुलिस भर्ती परीक्षा छोड़ रहे हैं। शनिवार को दूसरे दिन 5856 अभ्यर्थियों में से सिर्फ 2849 ही परीक्षा में शामिल हुए। 3007 ने परीक्षा छोड़ दी। दरअसल, जिले में पुरुष वर्ग के अभ्यर्थियों में से अधिकतर राजस्थान व बिहार के हैं। ऐसे में इन अभ्यर्थियों के कम आने के कारण सिपाही भर्ती परीक्षा पर असर पड़ रहा है।
जिले के सात केंद्रों पर चल रही सिपाही भर्ती परीक्षा में शनिवार को दूसरे दिन सुबह से ही केंद्रों पर अभ्यर्थी पहुंचने लगे। केंद्रों पर तैनात पुलिस कर्मी हरएक अभ्यर्थी की जांच के बाद ही उसे प्रवेश दे रहे थे। सबके प्रवेश पत्र से लेकर अन्य अभिलेखों का मिलान अधिकारी अपनी मौजूदगी में करा रहे थे। हर केंद्र पर सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। दो पालियों में परीक्षा कराई गई।
जिसमें प्रथम पाली में 2928 अभ्यर्थियों में से कुल 1395 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। 1533 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली की परीक्षा में 2928 अभ्यर्थियों में से 1454 अभ्यर्थी ने परीक्षा दी। 1474 ने परीक्षा छोड़ दी। एक अधिकारी ने बताया कि यहां पर पुरुष वर्ग में राजस्थान व बिहार के अभ्यर्थी है। ऐसे में अधिक दूरी होने के कारण वह आ नहीं रहे हैं। इस कारण से गैरहाजिर अभ्यर्थियों की संख्या अधिक हो रही है।
परीक्षा के दौरान डीएम पवन अग्रवाल, एसपी विकास कुमार, एडीएम प्रदीप कुमार, एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस अभ्यर्थियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए पालिका के रैन बसेरा में रुकने की व्यवस्था की गई है। यहां पर कूलर और गद्दे की व्यवस्था के साथ ही अन्य प्रबंध किए गए हैं। पालिका के अधिकारियों को इसकी मानीटरिंग में लगाया गया है।