महराजगंज तराई। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से ग्राम प्रधान समेत 100 से अधिक ग्रामीणों के नाम गायब हो गए। इस संबंध में प्रधान प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जांच व कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अब्दुल सलाम ने बताया कि तुलसीपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत गुलरिहा में पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से ग्राम प्रधान सहित सौ से अधिक गांव वालों के नाम गायब हो गए हैं। उन्होंने बताया कि 2021 की सूची में प्रधान के रूप में अमीना का नाम सूची में क्रम संख्या 1054 पर अंकित था। ग्राम प्रधान अमीना जीवित भी हैं। 2025 की मतदाता सूची में वर्तमान प्रधान का नाम ही वोटर लिस्ट से गायब कर दिया गया है।
उन्होंने ग्राम पंचायत के बीएलओ जोगीराम व सुपरवाइजर रामजी पर षड्यंत्र का आरोप लगाया। प्रधान अमीना ने आरोप लगाया कि साजिश के तहत मतदाता सूची से नाम गायब किए गए हैं। इसकी जांच कराकर कार्रवाई करनी चाहिए। मोहम्मद साजिद ने कहा कि पिछले चुनाव में मतदाता सूची में नाम था और मतदान भी किया था, लेकिन 2025 की सूची से नाम गायब होना आश्चर्यजनक बात है। तुलसीपुर एसडीएम राकेश जयंत ने बताया कि इस संबंध में सूचना मिली है। जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।