बलरामपुर। शिक्षा क्षेत्र सदर के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक के पति पर गंभीर आरोप लगे हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे एक दर्जन से अधिक अभिभावकों ने छात्राओं व छात्रों से अभद्र व्यवहार, मारपीट, गाली व छेड़खानी का आरोप लगाया। इस पर डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने मामले की जांच के आदेश देते हुए बीएसए से रिपोर्ट मांगी है। बीएसए ने तत्काल प्रधानाध्यापक को हटाने का आदेश दिया है। मंगलवार को प्रधानाध्यापक के पति को बयान के लिए बुलाया गया है।
डीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में अभिभावकों ने कहा है कि प्रधानाध्यापक के पति रोजाना स्कूल आकर छात्र-छात्राओं से अभद्रता व मारपीट करते हैं। डंडे व बेल्ट से पीटते हैं। छह दिसंबर को छात्रों ने 1098 चाइल्ड लाइन पर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
सात दिसंबर को पुलिस ने स्कूल पहुंचकर बच्चों का बयान भी दर्ज किया था। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी पहुंचकर मामले की जांच की थी, लेकिन मामले को दबा दिया गया। डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने अभिभावकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए फोन पर ही बीएसए से बात की। साथ ही पूरे मामले की जांच करके रिपोर्ट देने को कहा है।
बीएसए कल्पना देवी का कहना है कि प्रकरण संज्ञान में है। मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह तथ्य सामने आया है कि प्रधानाध्यापक के पति मिड डे मील का सामान लेकर स्कूल आते थे। प्रधानाध्यापक कार्य में पूरी तरह अक्षम हैं। इस पर उनका प्रभार हटा दिया गया है। साथ ही इस मामले में प्रधानाध्यापक के पति को बयान के लिए 20 दिसंबर को बुलाया गया है। कोतवाली पुलिस को भी पत्र लिखा जा रहा है।