उतरौला (बलरामपुर)। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक राम प्रताप वर्मा ने 38 टीबी मरीजों को गोद लिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला में इन मरीजों को दाल, दलिया, चना, गुड़, मूंगफली, चावल, प्रोटीन पाउडर, च्यवनप्राश, बेसन के पापड़ सहित तमाम प्रकार की खाद्य सामग्री वितरित की गईं।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 तक भारत को टीबी मुक्त करने के संकल्प लिया है। प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के लिए क्षय रोगियों को गोद लिया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों, शैक्षिक संस्थानों, सामाजिक संस्थाओं, गैर-सरकारी संगठनों से अपील किया कि टीबी रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषाहार उपलब्ध कराएं। अधीक्षक डॉ. सीपी सिंह ने कहा कि टीबी एक खतरनाक बीमारी नहीं है। इसलिए टीबी रोगियों के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।
उन्होंने टीबी रोगियों को गोद लेने व पोषण संबंधी सहायता प्रदान करने के लिए विधायक राम प्रताप वर्मा का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसटीएस आशीष यादव, दिनेश भूषण तिवारी, आशुतोष उपाध्याय, तारिक खान व अभिषेक तिवारी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।