बलरामपुर के खेल स्टेडियम में मानव श्रृंखला बनाते एनसीसी कैडेट।
बलरामपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर बृहस्पतिवार को पांच किमी लंबी मानव शृंखला बनाई गई। इसके जरिये लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों को नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई साथ ही अपने आसपास के लोगों काे जागरूक करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
डीएम पवन अग्रवाल व एसपी विकास कुमार ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर पुष्प अर्पित करके उन्हें नमन किया। डीएम ने कहा कि सड़क हादसों को कम करने में जाे भी कारगर उपाय हों, उनका पालन किया जाए। कार्यक्रम में शामिल सभी विद्यार्थी अपने घरों के आसपास लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें, जिससे सड़क हादसों को कम किया जा सके। एसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करके हादसों को कम किया जा सकता है। एआरटीओ बृजेश यादव ने सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया। कहा कि एक से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है।
यातायात प्रभारी उमेश सिंह के नेतृत्व में सभी विद्यालय व डिग्री कॉलेज के विद्यार्थी व एनसीसी कैडेट्स रैली निकालकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचे। रैली में एमएलके महाविद्यालय, एमपीपी इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, भगवती आदर्श विद्यालय भगवतीगंज, गर्ल्स इंटर कॉलेज व एमडीके बालिका इंटर काॅलेज सहित शहर के सभी विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए। विद्यार्थियों ने हाथों में सड़क सुरक्षा नियमोंं की पट्टिकाएं लेकर लोगों को जागरूक किया।
विद्यार्थियों, अधिकारियों व कर्मचारियों ने हाथ से हाथ मिलाकर मानव शृंखला बनाकर सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। डीएम ने नियमोंं का पालन करने की शपथ दिलाई। प्रभारी डीआईओएस डॉ. चंदन पांडेय व एआरटीओ दफ्तर के अतुल जायसवाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार, एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव, सदर एसडीएम संजीव कुमार यादव, सीओ ज्योतिश्री व बीएसए शुभम शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।