फोटो-13-बलरामपुर के डीपीआरसी में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोग ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। जैव विविधता संरक्षण के लिए विकास भवन स्थित डीपीआरसी में शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। सुंदर दास रामलाल इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के महत्व और जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शिक्षक शिव पूजन तिवारी ने जैव विविधता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि पृथ्वी पर मौजूद जीव-जंतु, पेड़-पौधे और प्राकृतिक संसाधन मानव जीवन का आधार हैं। वरिष्ठ फैकल्टी हरकीरत सिंह ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करना होगा। इस दौरान विनीत सागर, मास्टर ट्रेनर योगेश तिवारी, बृज भूषण यादव, देवेंद्र पांडेय, मीरा, हिना, निधि चतुर्वेदी, बाल कृष्ण शुक्ला, मीरा देवी और दर्शन दीन भारती सहित अन्य शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और जैव विविधता बचाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जागरूकता गतिविधियों और रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और जैव विविधता सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया।