बलरामपुर में मंगलवार को वीर विनय चौराहे पर कुछ इस तरह धूप से बचते नजर आए लोग।
बलरामपुर। जून के महीने में चिलचिलाती गर्मी व लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मोहाल कर दिया है। गर्मी का सितम मंगलवार को भी जारी रहा। दोपहर काे पारा 45 डिग्री पहुंच गया, जिससे लोग घरों से बाहर निकलने से कतराते रहे। गली-मोहल्ले व सड़काें पर सन्नाटा पसरा रहा। आवश्यक कार्य से जो लोग बाहर निकले भी वह चिलचिलाती धूप में सिर व मुंह को ढक कर आवागमन करने को मजबूर दिखे।
सुबह दिन निकलने के साथ ही गर्मी की मार शुरू हो गई। ऐसे में सूरज की तपिश से बचने के लिए लोग घरों व दुकानों में पंखा वे कूलर के पास ही डटे रहे। गर्मी का असर बाजार व दुकानों पर भी पड़ा। धूप के कारण बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। ग्राहक न आने के कारण अधिकांश दुकानें दोपहर में बंद रहीं।
मौसम की मार से लोग बीमार
उमस भरी गर्मी के कारण बीमारियों ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। तेज धूप की चपेट में आने से लोग पेट दर्द, उल्टी-दस्त व बुखार की चपेट में आ रहे हैं। जिला मेमोरियल अस्पताल व संयुक्त जिला चिकित्सालय में मंगलवार को मरीजों का जमावड़ा रहा। ओपीडी में इलाज के लिए मरीज धक्का-मुक्की करते रहे। जांच के लिए पैथोलॉजी व दवा लेने के लिए काउंटर पर मरीज एवं तीमारदारों को जूझना पड़ा।