बलरामपुर। सर्द हवाओं व कोहरे ने ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया है। बुधवार देर रात से शुरू होने वाला घना कोहरा सुबह 10 बजे तक छाया रहा। इस दौरान सड़कों पर वाहनों को लाइट जलाकर चलाना पड़ा। दोपहर बाद जाकर सूर्य की चमक दिखाई पड़ी। घने कोहरे के साथ ही चल रही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन भी बढ़ा दी है।
दोपहर बाद सूर्य की चमक आने के बाद भी धूप का कोई एहसास नहीं दिखा। जिले का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड के साथ कोहरा गिरने की बात कही है। जिला प्रशासन की तरफ से भी ठंड व कोहरे से बचने के लिए एडवायजरी जारी की गई है। जिला आपदा अधिकारी एडीएम प्रदीप कुमार ने बताया कि जरूरतमंदों को ठंड से बचाने के लिए तीनों एसडीएम को कंबल वितरण करवाने का निर्देश भी दिया गया है।