बलरामपुर। निजी विद्यालयों में मनमाने शुल्क वसूली को लेकर 30 मई को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक होगी। जिसमें सभी विद्यालयों के प्रबंधक व प्रधानाचार्यों का शामिल होना अनिवार्य है।
डीआईओएस गोविंद राम ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता डीएम अरविंद सिंह करेंगे। उन्होंने बताया कि जिले के निजी विद्यालयों में शुल्क विनियम अधिनियम के प्रावधानों का अनुपालन न किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। विद्यार्थियों से मनमानी शुल्क वसूली की शिकायतें भी उच्चाधिकारियों को प्राप्त हो रही हैं। शुल्क संबंधी शिकायतों या विद्यार्थियों की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए जिला स्तर पर शुल्क नियामक समिति गठित की गई है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली यह समिति बैठक में शुल्क संबंधी जानकारी विद्यालय प्रबंधन से प्राप्त करेगी और उसी आधार पर शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने यूपी बोर्ड, सीबीएसई, सीआईएससीई व मदरसा बोर्ड से संचालित सभी विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों को जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया है।