बलरामपुर। श्रीगणेश महोत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर नगर पालिका प्रांगण में पूजा समितियों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में नागरिक सुविधाओं पर चर्चा करते हुए समितियों से साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और प्रतिमा विसर्जन को लेकर सुझाव लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने अधिकारियों को नगर क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों के आसपास नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पंडालों के आसपास चूने व पानी का छिड़काव कराने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने गणेश प्रतिमा विसर्जन के दिन राप्ती घाट पर पर्याप्त साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था के साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए क्रेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीवर और जल निगम के कार्यों से क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कराने को कहा।
नगर पालिका अध्यक्ष ने गणेश पूजा समितियों को पूजा थाल और अंगवस्त्र भेंट करने के साथ 2,500 रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की।
गणपति पूजा समन्वय समिति के अध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने बताया कि 14 सितंबर को नगर क्षेत्र के पंडालों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी और 21 सितंबर को राप्ती घाट पर विसर्जन किया जाएगा। उन्होंने आयोजकों से डीजे बजाते समय ध्वनि की तीव्रता कम रखने की अपील की। डॉ. तुलसीश दुबे ने भी महोत्सव शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।
बैठक में अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह, कमलेश त्रिपाठी, अंबरीश शुक्ला, भानु प्रकाश, रवींद्र गुप्ता कमलापुरी, सभासद संजय मिश्रा, आनंद गुप्ता चिंटू, राघवेंद्र कांत सिंह मंटू, नंदलाल तिवारी, सिद्धार्थ साहू, विनोद गिरी, जयंत सिंह और कुन्नू कश्यप समेत सभी समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।