ललिया (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मथुरा बाजार में मेडिकल स्टोल का संचालन कर रहे व्यक्ति पर घर लौटते समय रास्ते में तीन बाइक सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले पीड़ित पर तमंचे से फायर किया और बाद में चाकू भी मार दिया। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
ललिया थाने में दी गई तहरीर में ग्राम सिंहपुर निवासी मो. फारुक ने कहा है कि वह मथुरा बाजार में मेडिकल स्टोर चलाते है। गुरुवार रात करीब 8 बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में टेढ़वा गांव के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने पहले फारुक को रोका और तमंचे से फायर कर दिया। पीड़ित अपनी बाइक छोड़कर जान बचाने गन्ने के खेत की तरफ भागा।
पीड़ित ने गोली चलाने वाले को पीछा करने पर पकड़ लिया तो दूसरे बदमाश ने पीठ में दाहिने तरफ चाकू मार दिया। तीसरा बदमाश डंडे से पीड़ित के पैर में मारने लगा। तीन तरफ से हुए हमले में पीड़ित गिर गया तो बदमाश उसे छोड़कर फरार हो गए।
पीड़ित के मुताबिक गोली उसकी पीठ में बाये तरफ खाल को चीरते हुए बाहर निकल गई। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस तथा परिजनों को दी। पीड़ित का एंबुलेंस इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थानाध्यक्ष ललिया एके गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।