बलरामपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन 12 व 14 दिसंबर को ब्लॉकवार स्तर पर होगा। विवाह के सफल आयोजन के लिए मुख्य विकास अधिकारी संजीव कुमार मौर्य ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी है।
योजना के तहत इस वर्ष जिले में 1192 गरीब बेटियों की शादी कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य के सापेक्ष जिले के नौ ब्लॉक व पांच नगर निकायों से कुल 300 आवेदन पत्र आए हैं। इन आवेदन पत्रों की जांच होने के बाद विवाह की तिथि घोषित कर दी गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि बलरामपुर ब्लॉक और हरैया सतघरवा में 12 दिसंबर को विवाह का आयोजन होगा।
बताया कि बलरामपुर ब्लॉक में सदर विकासखंड, श्रीदत्तगंज व बलरामपुर नगर निकाय के लाभार्थी जबकि हरैया सतघरवा में विकासखंड हरैया सतघरवा, विकासखंड तुलसीपुर व नगर पंचायत तुलसीपुर के लाभार्थी शामिल होंगे। इसी तरह गैसड़ी ब्लॉक व उतरौला ब्लॉक परिसर में 14 दिसंबर को विकासखंड गैसड़ी, विकासखंड पचपेड़वा तथा नगर पंचायत गैसड़ी व पचपेड़वा के लाभार्थियों की शादी कराई जाएगी। संवाद