मुजेहना (गोंडा)। धानेपुर थानाक्षेत्र के हरिहरपुर गांव की विवाहिता बिंदु की उसके पति ने ही हत्या कर सहयोगियों के साथ मिलकर शव अपनी बहन के गांव के निकट डेहुका नाले के पास दफना दिया था। बुधवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र की खोदाई कराकर शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बलरामपुर के रेहरा बाजार थानाक्षेत्र के रुधोली गांव के वीरेंद्र कुमार के मुताबिक, उन्होंने बहन बिंदु की शादी 2018 में धानेपुर के ग्राम पंचायत रूद्रगढ़ नौसी हरिहरपुर के पवन कुमार वर्मा से की थी। आरोप लगाया कि सोमवार शाम को बिंदु की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका के पति ने साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को घर से 10 किलोमीटर दूर अपनी बहन के गांव के पास डेहुका नाले के पास दफन कर दिया था।
सूचना पर पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत सात के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। आरोपी की बहन से बुधवार को पुलिस ने पूछताछ की। इस दौरान उसने अपने भाई की करतूत को उजागर कर दिया। आरोप की बहन ने ही दफनाए गए शव का स्थान बताया। महिला का शव बुधवार को नायब तहसीलदार नेहा राजवंशी की मौजूदगी में कब्र से निकाला गया। शव देखते ही भाई वीरेंद्र कुमार बिलखने लगा। थानाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।