सादुल्लाहनगर (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में 24 वर्षीय विवाहिता का शव गांव के पूरब कच्ची सड़क के किनारे पुआल के नीचे दबा मिला है। मृतका की मां ने दामाद तथा सास पर दहेज के लिए बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पति व सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
नेवादा निवासी रजिया ने बताया कि उसकी बेटी मोमिना ने करीब डेढ़ वर्ष पहले ग्राम मानीगढ़ा थाना सादुल्लानगर निवासी जावेद अहमद के साथ कोर्ट मैरिज की थी और पति के साथ लखनऊ में रहती थी। पति और सास मोमिना को दहेज के लिए परेशान करते थे। छह माह पूर्व मोमिना ने एक बेटी को जन्म दिया था। पति-पत्नी के बीच अनबन होने के कारण मोमिना पिछले दो माह से मायके में रह रही थी। गुरुवार की रात करीब 7 बजे जावेद ने मोमिना को फोन कर गांव के पूरब एक बाग में बुलाया। मोमिना पति से मिलने गई।
थोड़ी देर बाद दोनों का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। परिजन मोमिना को ढूंढ़ रहे थे। इसी बीच शुक्रवार शाम जावेद ससुराल पहुंचा और पत्नी के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए उसे ढूंढ़ लेने की बात कही। जावेद शुक्रवार रात ससुराल में ही रहा। शनिवार सुबह वह चुपचाप ससुराल से फरार हो गया। शनिवार सुबह कुछ लोगों ने मोमिना की लाश पुआल के नीचे दबी हुई देखी और परिजनों को सूचित किया। एएसपी एके मिश्र, सीओ आरआर सिंह तथा तहसीलदार आरके मौर्य ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक राम दवन मौर्य ने बताया कि मृतका की मां राजिया की तहरीर पर पति जावेद और सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।