बलरामपुर। 10 मई शुक्रवार को अक्षय तृतीया है। इस दिन अबूझ मुहूर्त है। इस दिन तृतीय तिथि को लोप होने के कारण 14 दिनों का ही पक्ष रहेगा। इसके चलते शादी-विवाह जैसे शुभ कार्य नहीं होंगे। वहीं सोना और वाहन खरीदने के लिए शुभ मुहूर्त है। इसलिए लोग गहनों की खरीदारी करेंगे। अक्षय तृतीया पर खरीदारी करने के लिए हफ्ते भर पहले से आभूषणों की बुकिंग चल रही है। बाजारों में रौनक दिखने लगी है।
प्राचीन झारखंडी मंदिर के पुजारी विनय गिरि का कहना है कि इस बार अक्षय तृतीया पर शहनाई नहीं गूंजेगी। शुक्र और गुरु अस्त होने के कारण शुभ कार्यों पर विराम लग गया है। तृतीया तिथि का लोप होने के कारण केवल सोना और वाहन खरीदने का मुहूर्त है। अक्षय तृतीया 10 मई को सुबह 05:31 बजे लग रही है और अगले दिन 4:35 बजे तक रहेगी। इसके पहले 2001 में अक्षय तृतीया पर गुरु और शुक्र अस्त हुए थे। इस बार 29 अप्रैल को रात 11:13 पर शुक्र अस्त हो चुके हैं और छह मई की रात 11:01 बजे गुरु अस्त हो जाएंगे। करीब 66 दिनों के लिए विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश, उद्यापन आदि मांगलिक कार्य पर रोक लग जाएगी। इसके कारण मई और जून में विवाह के लिए मुहूर्त नहीं मिलेंगे। गुरु का उदय तीन जून को और शुक्र का उदय 28 जून को रात 07:52 मिनट बजे होगा।
लोग वाहनों की कराने लगे बुकिंग
चौक रोड स्थित चंद्रभान राजीव कुमार गुप्ता ज्वैलर्स एवं राजा ज्वैलर्स के राजा गुप्ता का कहना है कि अक्षय तृतीया को लेकर लोगों ने बुकिंग करानी शुरू कर दी है। लोगों को आशंका है कि सोना और महंगा न हो जाए, इसलिए पहले से ही आभूषणों की बुकिंग चल रही है।