हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के भड़सहिया बाजार में सामने से आ रही दो बाइकों के बीच भिड़ंत हो गई। घटना में एक अधेड़ की मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल बहराइच रेफर किया गया है।
हरैया बाजार निवासी शिव कुमार गुप्ता अपने ईंट भठ्ठा पिपरहवा से रविवार दोपहर करीब एक बजे बाइक से अपने घर आ रहे थे। भड़सहिया बाजार में दूसरी तरफ से आ रहे बरदौलिया निवासी बैठोले (28) के बाइक से शिव कुमार की बाइक की भिडंत हो गई। बाइकों की भिड़ंत में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोग घायलों को इलाज के लिए भिनगा ले जा रहे थे। रास्ते में ही भठ्ठा मालिक शिव कुुमार गुप्ता (50) की मौत हो गई। दूसरे बाइक सवार बैठोले की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल बहराइच रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक हरैया सतघरवा कलाधर दूबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है।