बलरामपुर। गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्त ने जमानत पर छूटने के बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक से ऋण ले लिया। मामले में वांछित आरोपी श्रीमन नारायण शुक्ला उर्फ पिंटू शुक्ला को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली नगर में 11 नवंबर को उपनिरीक्षक शिवम सिंह की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत हुआ था। तहरीर में कहा गया कि अभियुक्त ने जमानत पर रिहा होने के बाद गाटा संख्या की जमीन का कूटरचित दस्तावेज तैयार कर बैंक से ऋण लिया और संपत्ति को बंधक बना दिया। पुलिस टीम ने बुधवार को आरोपी को नहर बालागंज पुलिया के पास से दबोच लिया। प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के फर्जी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जरूरत पड़ने पर बैंक अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी।