बलरामपुर। स्थानीय नगर के शिफा हास्पिटल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत होने पर परिजनों ने बवाल शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। नवजात के पिता की तहरीर पर हास्पिटल की संचालिका के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह ने बताया कि ग्राम चंवई बुजुर्ग निवासी संदीप यादव अपनी पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी श्रीदत्तगंज ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्होंने पत्नी को उतरौला स्थित शिफा हास्पिटल में भर्ती कराया। संदीप का आरोप है कि हास्पिटल में इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।
गुरुवार देर रात प्रसूता को बच्चा पैदा हुआ। हास्पिटल के लोगों ने बच्चे की हालत खराब बताकर उसे आईसीयू में रखने के लिए तीन हजार रुपयों की मांग की। इसी बीच नवजात की मौत हो गई। नवजात की मौत पर परिजन भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि संदीप की तहरीर पर हास्पिटल की संचालिका डा. रजनी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।