गैसड़ी (बलरामपुर)। नगर निकाय चुनाव की तिथि नजदीक आ गई है। मतदान में अब एक दिन बचा है। ऐसे में प्रत्याशी चयन को लेकर मतदाताओं के मन में तरह-तरह के सवाल आ रहे हैं। गली-मोहल्ला, दुकानों व होटलों पर लोग आपस में चर्चा कर सभी प्रत्याशियों के विकास एजेंडा को गिनाते हुए उनके जीतने-हारने का समीकरण बैठा रहे हैं। कुछ ऐसा ही नजारा मंगलवार को गैसड़ी बाजार में देखने को मिला।
निकाय चुनाव 2023 में गैसड़ी को भी नगर पंचायत का दर्जा मिल गया है। ऐसे में यहां के लोग भी अपना पहला चेयरमैन चुनने के लिए उत्साहित हैं। गैसड़ी बाजार में चाय की दुकान पर कुछ लोग चुनावी चर्चा करते दिखे। जय सिंह व मेलाराम यादव ने बताया कि अब तक गैसड़ी के लोगों को गांव जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। ऐसे में चेयरमैन की कुर्सी पर कर्मठ और ईमानदार प्रत्याशी को बैठाना उचित होगा, जो गैसड़ी का शहरों की तर्ज पर विकास कर सके।
नीरज पाल ने कहा कि शिक्षित प्रत्याशी ही गैसड़ी को समुचित विकास कर सकता हैं। ऐसे में पढ़े-लिखे प्रत्याशी को चुनना सही होगा। रामलोचन सैनी व संतोष बोल पड़े कि शहर की सरकार चलाने के लिए राजनीति के क्षेत्र में काम करने वाले अनुभवी उम्मीदवार को जिताना चाहिए। सुभाष मोदनवाल व धर्मराज ने कहा कि बाजारवासी पहली बार अपने मतदान का प्रयोग करके ऐसे व्यक्ति को चेयरमैन बनाएंगे, जो गैसड़ी को एक-दो साल में ही आदर्श नगर पंचायत बनाने में सक्षम होगा।