बलरामपुर के रोडवेज बस स्टेशन पर खड़े यात्री।-संवाद
बलरामपुर। महाकुंभ मेले के संगम में बुधवार को अमृत स्नान के बाद अब श्रद्धालुओं को प्रयागराज से वापस लाने की तैयारी की जा रही है। बलरामपुर डिपो की 55 रोडवेज बसों को तैयार किया गया है। महाशिवरात्रि के बाद प्रयागराज से श्रद्धालुओं को लाने के लिए बसें रवाना हो रही हैं। यहां से भेजी जा रही बसें 300 किलोमीटर से कम दूरी की ही यात्रा करेंगी। 55 बसें प्रयागराज भेजे जाने के कारण अन्य रूटों पर जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रोडवेज बसअड्डे पर बुधवार को बसों के इंतजार में खड़े यात्री मनोज, दिनेश, उर्मिला, शबीना, मानसी व सोनू ने बताया कि उतरौला जाना है। बसें न मिलने से परेशानी हो रही है। वहीं तुलसीपुर जाने के लिए बस के इंतजार में लोग परेशान दिखे। रोडवेज में 86 बसों का बेड़ा है, जिसमें 10 नई शटल बसें भी शामिल हैं। महाकुंभ के लिए बलरामपुर डिपो की शटल सेवा के साथ 55 बसों को आरक्षित किया गया है, जो श्रद्धालुओं को संगम में अमृत स्नान करा रही हैं। करीब दो माह से सभी शटल बसें प्रयागराज में श्रद्धालुओं को पहुंचाने में जुटी हैं।
रोडवेज की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी तरन्नुम ने बताया कि रोडवेज बसों को अधिकतम 300 किलोमीटर तक ही यात्रा करने का निर्देश दिया गया है। रोडवेज बसों के चालक व परिचालक को लखनऊ के रास्ते भेजा जा रहा है और अयोध्या के रास्ते से वापस आने का निर्देश दिया गया है।
28 तक चलेगा अभियान
महाशिवरात्रि के दिन संगम का अंतिम अमृत स्नान है। इसके बाद जिले के श्रद्धालुओं को प्रयागराज से लाने की व्यवस्था की गई है। 28 फरवरी तक अभियान चलाकर श्रद्धालुओं को प्रयागराज से वापस लाया जाएगा।
- गोपीनाथ दीक्षित, एआरएम