बलरामपुर। मैडम! चार अक्तूबर को रेहरा बाजार क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड कराने गई थी। इस दौरान संचालक ने मेरे साथ छेड़खानी की। शिकायत के बाद मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
यह शिकायत बुधवार को विकास भवन सभागार में रेहरा बाजार क्षेत्र की एक पीड़िता ने राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति से की। शिकायत के बाद राज्य महिला आयोग ने एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव से मामले में तत्काल कार्रवाई की बात कही।
उतरौला तहसील क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत की कि ससुरालजनों ने मारपीट करके घर से बाहर निकाल दिया और पति ने दूसरी शादी कर ली है। मामला न्यायालय में लंबित है। कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस पर आयोग की सदस्य ने पीड़िता को सरकारी वकील मुहैया करवाने को कहा।
एक महिला ने शिकायत की कि मैंने अपना एक कमरा किराये पर दिया था। जब किराया मांगने गई तो किरायेदार ने मारपीट करते हुए छेड़खानी की। मुकदमा तो दर्ज हो गया लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। आयोग की सदस्य ने एएसपी से सभी शिकायतों के शीघ्र निस्तारण कराने की बात कही। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी सुशील कुमार सिंह, सदर एसडीएम संजीव कुमार यादव आदि मौजूद रहे।
महिलाओं को मिले योजना का लाभ
सदर विकास खंड में राज्य महिला आयोग की सदस्य ने विभिन्न विभागों की तरफ से लगाए गए स्टाॅल का निरीक्षण किया। श्रम विभाग, समाज कल्याण विभाग, दिव्यागंजन सशक्तिकरण विभाग व महिला कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉक का अवलोक करते हुए उन्होंने कहा कि महिला कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। महिलाओं को सरकारी योजनाओं के लाभ से लाभान्वित किया जाए। महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर हो। वृद्धा पेंशन, निराश्रित पेंशन व दिव्यांगजन आदि विभागों की तरफ से संचालित योजनाओं का लाभ महिलाओं को जरूर दिलाया जाए।