फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय देश के लिए बनेगा मॉडल

Tue, 10 Feb 2026 10:59 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
बलरामपुर में निर्माणाधीन मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय परिसर में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को जानका
विज्ञापन
बलरामपुर। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को नेपाल सीमावर्ती जनपद बलरामपुर स्थित मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए विश्वविद्यालय को देश का मॉडल विश्वविद्यालय बनाने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिले में स्थापित यह विश्वविद्यालय आने वाले समय में देवीपाटन मंडल में शैक्षिक क्रांति का केंद्र बनेगा और पूरे देश के लिए मिसाल पेश करेगा।
विज्ञापन



निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित कुलाधिपति वाटिका में मौलिसरी का पौधरोपण किया। परिसर में निर्माणाधीन सरोवर का नामकरण ‘कुलाधिपति सरोवर’ के रूप में किया गया। उन्होंने प्रशासनिक भवन, अकादमिक भवन, कुलपति आवास सहित अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता पर विशेष बल दिया।

राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल भवनों का समूह नहीं, बल्कि ज्ञान, शोध और नवाचार का केंद्र होना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के मानकों के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करने, बहुविषयक अध्ययन को बढ़ावा देने और रोजगारपरक शिक्षा पर विशेष जोर देने की आवश्यकता बताई, ताकि छात्र पढ़ाई के साथ कौशल आधारित अवसरों से भी जुड़ सकें।
विज्ञापन


उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि कम समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर के नेचर इंडेक्स में विश्वविद्यालय का 33वां स्थान हासिल करना प्रशंसनीय उपलब्धि है। यह संकेत है कि संस्थान शोध और अकादमिक गुणवत्ता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में यह विश्वविद्यालय न केवल क्षेत्रीय बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा।

राज्यपाल ने उच्च शिक्षा में लचीलापन लाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि अब विद्यार्थी विज्ञान के साथ संगीत या भाषा जैसे विषयों का भी अध्ययन कर सकते हैं, जिससे उनकी रचनात्मकता और रोजगार क्षमता दोनों में वृद्धि होगी। कुलपति प्रोफेसर रविशंकर सिंह ने विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों और शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूर्ण किए जाएं।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में स्थापित यह विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक विकास का भी केंद्र बनेगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने परिसर की रूपरेखा, निर्माण प्रगति और भविष्य की शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी।

राज्यपाल ने भरोसा जताया कि समन्वित प्रयासों से मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय आने वाले समय में पूर्वांचल ही नहीं, पूरे देश में उत्कृष्ट उच्च शिक्षा संस्थान के रूप में स्थापित होगा। इस अवसर पर आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील, कुलपति प्रोफेसर रवि शंकर सिंह, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति राय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ल, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय आदि रहीं।


भाजपाइयों ने किया स्वागत
पुलिस लाइन में राज्यपाल के पहुंचने पर जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, नगर पालिका परिषद सदर के चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धीरू, श्याम मनोहर तिवारी, डीपी सिंह वैश्य ने स्वागत किया। राज्यपाल ने कहा कि ऊपर से मैंने देखा कि यहां जंगल बहुत बड़ा है, इस पर भाजपा नेता डीपी सिंह ने बताया कि सोहेलवा वन्य जीव अभ्यारण्य है, वहां टाइगर रिजर्व स्थापित किया जाना भी प्रस्तावित है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें